हरिद्वार/ कांग्रेस पार्षदों ने ई कार्ट के लिए नगर निगम की भूमि को निशुल्क देने का विरोध जताया। पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा। पूर्व सभासद अशोक शर्मा, पार्षद सुनील कुमार ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी बिना किसी सूचना और बिना पार्षदों को विश्वास में लिए निजी कंपनियों को लाभ पहुंचा रहे हैं। करोड़ों रुपए की भूमि को निशुल्क एक निजी कंपनी को दे दिया जाता है। अधिकारी अपनी मनमर्जी से कार्य कर रहे हैं। पार्षद विवेक भूषण विक्की, अरशद ख्वाजा ने कहा कि बिना बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाए कोई भूमि कैसे किसी को दी जा सकती है। जो व्यक्ति पैसा देकर किराए के लिए मांगेगा उसे नहीं दी जाएगी और मुफ्त में किसी को भी दी जा रही है। नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है। पार्षद एड. सुमित त्यागी पुनीत कुमार ने कहा कि किस नियम के तहत भूमि को निशुल्क दिया गया है। जो भी अधिकारी इसमें लिप्त हैं उनके खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। भूमि मुफ्त में देनी ही है तो किसी स्थानीय विधवा, दिव्यांग या बहुत ही जरूरतमंद को दी जा सकती थी। अपने निजी स्वार्थ के लिए अधिकारी निगम संपत्ति को खुर्दबुर्द कर रहे हैं जिसका विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद अकरम अंसारी, लाली, सन्नी कुमार आदि उपस्थित रहे।

By Nasir

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *